karni singh bhelu
social
24/10/2026
"शिक्षण कभी संस्था के विस्तार से नहीं नापा जाता। शिक्षार्थियों की संख्या पर चलने वाली संस्थाएं कोलाहल की धर्मशाला हैं।"
पूज्य श्री तनसिंह जी ('शिक्षक की समस्याएँ' पुस्तक से साभार)
24/10/2026
"राजनीतिक स्वार्थों की भेंट चढ़ती राष्ट्रीय भावना"
संपादकीय
पथप्रेरक, 19-10-2026
किसी राष्ट्र को जोड़ कर रखने वाला तत्व उसकी राष्ट्रीय भावना होती है क्योंकि राष्ट्रीय भावना ही राष्ट्र को एक साझे और जीवित समूह का स्वरूप प्रदान करती है। राष्ट्रीय भावना के अभाव में राष्ट्र एक निर्जीव भौगोलिक और प्रशासनिक इकाई मात्र रह जाता है। वस्तुत: राष्ट्रीय भावना ही राष्ट्र की चेतना और उसकी जीवंतता की जनक है। किसी राष्ट्र की राज्य व्यवस्था या शासन व्यवस्था भी जब तक राष्ट्रीय भावना और चेतना के एक साधन के रूप में कार्य करती है तभी तक वह उस राष्ट्र की अपनी, स्वीकृत और वैध राज्य या शासन व्यवस्था कही जा सकती है अन्यथा राष्ट्रीय भावना और चेतना के विरुद्ध हो जाने वाली राज्य व्यवस्था अधिनायक तंत्र का ही एक स्वरूप बनकर रह जाती है जिसका पतन अवश्यंभावी है। राष्ट्र की राज्य व्यवस्था का राष्ट्रीय भावना और चेतना के अनुरूप बने रहना जितना आवश्यक है, उतना ही आवश्यक राष्ट्रीय भावना व चेतना का अखण्ड और अविभाजित बने रहना भी है क्योंकि इसका खंडित और विभाजित होना राष्ट्र के विघटन का बीजारोपण है। अतः एक राष्ट्र का अस्तित्व इस बात पर निर्भर करता है कि उसकी राष्ट्रीय भावना व चेतना को अक्षुण्ण रखने के लिए उस राष्ट्र के सदस्य कितने प्रयत्नशील हैं। भारत के संदर्भ में देखें तो वर्तमान में भारत की राष्ट्रीय भावना पर लगातार राजनीतिक स्वार्थों के प्रहार हो रहे हैं। एक ओर जहां राज्य व्यवस्था पर काबिज सत्ताधीश देश के विभिन्न संस्थानों की स्वायत्तता और स्वतंत्रता का अतिक्रमण कर उनके माध्यम से अपने राजनीतिक स्वार्थों की पूर्ति के प्रयास में निरंकुशता और अधिनायकवाद की ओर बढ़ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर विपक्ष, जिस पर सत्तापक्ष को निरंकुश और अधिनायकवादी बनने से रोकने के लिए जनमत के निर्माण का दायित्व है, वह स्वयं सत्ता के लोभ में न केवल व्यापक राष्ट्रीय हितों की अनदेखी करने को तैयार है, बल्कि इसके लिए विदेशी तत्वों का सहयोग और समर्थन प्राप्त करने के लिए भी तत्पर दिखाई देने से नहीं हिचक रहा।
राजनीतिक पक्ष-विपक्ष द्वारा अपने हित साधने के लिए राष्ट्रीय भावना पर कुठाराघात करने के ये उपक्रम भारतीय लोकतंत्र में लंबे समय से हो रहे हैं। वर्तमान में भी मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR), निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता, एथेनॉल मिश्रण जैसी नीतियों, पेपर लीक की घटनाओं जैसे विभिन्न मुद्दों पर पक्ष और विपक्ष की प्रतिक्रियाएं अपने राजनीतिक हितों के लिए राष्ट्रीय भावना को बलि चढ़ाने के उपक्रमों की उसी श्रृंखला की कड़ी हैं। एक ओर सत्ता पक्ष द्वारा असहमति, मतभेद और विरोध के प्रति असहिष्णुता का प्रदर्शन कर जिस प्रकार से उस असहमति, मतभेद और विरोध को बलपूर्वक समाप्त करने का प्रयत्न किया जा रहा है, वह उस अधिनायकवादी प्रवृत्ति का परिचायक है जो विरोध की छोटी से छोटी संभावना से भी भयभीत रहती है क्योंकि उसमें जनमानस के विश्वास से उपजे नैतिक बल का अभाव होता है। वास्तव में तो नेतृत्व के विरुद्ध पनपने वाले विरोध और असहमति को दूर करने का सही उपाय जनमानस में विश्वास और भरोसा कायम करना है और उसके लिए नेतृत्व को नैतिकता, शुचिता और पारदर्शिता के आदर्शों पर खरे उतरकर जनमानस को दिखाना पड़ता है। ऐसा करके नेतृत्व सामूहिक या राष्ट्रीय भावना को भी और अधिक प्रबल बनाता है। किंतु वर्तमान में सत्तापक्ष द्वारा ऐसा कोई प्रयास दिखाई नहीं पड़ता है। दूसरी ओर विपक्ष द्वारा तो और भी अधिक निम्नस्तरीय तरीके अपनाए जा रहे हैं जिनमें देश के आंतरिक मामलों में विदेशी तत्वों के दखल को स्वीकार करना ही नहीं बल्कि उसे प्रोत्साहित और आमंत्रित करने का प्रयत्न तक शामिल है। विरोध-प्रदर्शन के लोकतांत्रिक दायरों को तोड़ने का भी प्रयत्न विभिन्न स्तरों पर किया जा रहा है और इसका लाभ उठाकर देश विरोधी अनेक शक्तियां भी भारत की एकता और अखंडता को हानि पहुंचाने का प्रयत्न कर रही हैं। किंतु दुर्भाग्यवश देश के राजनीतिक पक्ष-विपक्ष में राजनीतिक कटुता और सत्ता की लिप्सा इतनी बढ़ चुकी है कि राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रश्न तक पर भी वे एक नहीं हो पा रहे हैं।
वर्तमान भूराजनीतिक परिदृश्य में जब अनेक विदेशी राजनीतिक और आर्थिक शक्तियां प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से भारत को कमजोर करने के लिए प्रयासरत हैं तब प्रबल राष्ट्रीय भावना से पनपी राष्ट्रीय एकता ही इन प्रयासों को विफल कर सकती है। जिन राष्ट्रों में ऐसी एकता नहीं रही, उनका विदेशी शक्तियों द्वारा किस प्रकार दोहन और शोषण किया जा रहा है ये वर्तमान वैश्विक परिदृश्य में स्पष्ट दिखाई पड़ता है। इसलिए आज राष्ट्रीय भावना को प्रबल बनाने के लिए कम से कम राष्ट्रीय सुरक्षा और देश के आंतरिक मामलों में बाहरी दखल को रोकने जैसे विषयों पर देश के राजनीतिक पक्ष-विपक्ष को एक साथ खड़ा होने का प्रयास करना चाहिए। यदि ऐसा नहीं होता है तो राजनीतिक क्षेत्र का ये विभाजन सामाजिक और राष्ट्रीय जीवन में भी प्रवेश कर विघटन की ऐसी प्रक्रिया प्रारंभ कर सकता है जिसे रोकना अत्यंत कठिन होगा। ऐसे में पक्ष-विपक्ष के वर्तमान राजनेताओं को पूज्य तनसिंह जी द्वारा विपक्षी सांसद के रूप में 1962 के भारत-चीन युद्ध के समय लोकसभा में दिए गए ऐतिहासिक उद्बोधन से प्रेरणा लेनी चाहिए जिसमें उन्होंने राष्ट्रीय भावना का आदर्श रखते हुए कहा था - "संकट की इस घड़ी में मैं सरकार को अपना पूर्ण समर्थन देता हूँ और इस सम्बन्ध में कोई शर्त भी नहीं है। सिर्फ एक शर्त रखता हूँ और वह यह है कि हमारा सम्मान नीचा नहीं होना चाहिए, किसी के सामने हमारा सिर नीचा नहीं होना चाहिए। मैं निवेदन करूँगा कि अगर सत्तारूढ़ दल की नीतियों और कार्यों के बारे में कोई विरोध करना होगा, तो शान्ति के समय हम बहस करेंगे, उन को ललकारेंगे, उन को बुरा भला कहेंगे, लेकिन कठिनाई के समय कोई दूसरा आदमी उन का सिर नीचा करें और उन को लज्जित करें, यह हम पसंद नहीं करते। वे हमारे हैं, चाहे कैसे भी हों। परस्पर मत-भेद हो सकता है, हम उन को अपमानित कर सकते हैं, लेकिन कोई दूसरा उन को अपमानित करें, यह हम बर्दाश्त नहीं कर सकते। यही राष्ट्रीय भावना है।" राष्ट्रीय भावना के ऐसे आदर्श का अनुकरण करके ही भारत का वर्तमान राजनीतिक वर्ग देश को हानि पहुंचाने के बाहरी प्रयत्नों को भी विफल कर सकता है और आंतरिक एकता को सुदृढ़ करके समाज और राष्ट्र में विघटन की संभावनाओं को भी दूर कर सकता है। अतः यह भारत के राजनीतिक पक्ष व विपक्ष, दोनों का दायित्व है कि वे भारत की राष्ट्रीय भावना को अपने राजनीतिक स्वार्थों की भेंट न चढ़ाएं बल्कि स्वस्थ लोकतांत्रिक राजनीति करते हुए आपसी मतभेदों और असहमतियों के होते हुए भी राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे प्रश्नों पर एक साथ आने का प्रयत्न करें।
23/10/2026
"प्रत्येक सकारात्मक गुण और उसका निरोधात्मक प्रति-विचार वास्तव में भिन्न गुणों की अपेक्षा एक ही गुण के दो पहलू हैं। जिस प्रकार अंधकार की उपस्थिति प्रकाश और किरणों के विभिन्न रंगों के खेल को सौंदर्य प्रदान करती है, उसी प्रकार विरोधात्मक और नकारात्मक गुण अपने दूसरे पहलू के श्रेष्ठ गुणों को अर्थ-सौंदर्य और गांभीर्य प्रदान करते हैं।"
पूज्य श्री तनसिंह जी ('साधक की समस्याएँ' पुस्तक से साभार)
22/10/2026
#सरलीकरण
वित्तीय वर्ष 2021-22 में #राजस्थान के #चूरू जिले की विभिन्न तहसीलों में बने केंद्र और राज्य के प्रमाण पत्रों की संख्या का तुलनात्मक अध्ययन
श्री क्षत्रिय युवक संघ
श्री प्रताप फाउंडेशन
22/10/2026
"उदारता की सीमा कहाँ है? उस बिन्दु तक, जहाँ तक कि उदारता सृजनात्मक और रचनात्मक शक्तियों को जुटाने में योगदान करती है अन्यथा अनुदारता भी कोई बुरी वस्तु नहीं, यदि उसके संग्रह और एकीभाव से सत्य की पुष्टि में बल मिलता हो।"
पूज्य श्री तनसिंह जी की 'डायरी' से साभार
21/10/2026
"छोटी-छोटी बातों से ही चरित्र बनता है। छोटे-छोटे कार्यों से ही जीवन की रूपरेखा बनती है। इसीलिए जो पैसे की चोरी कर लाख रुपये का ईमानदार बनना चाहे, वह मात्र विडम्बना ही होगी।"
पूज्य श्री तनसिंह जी ('समाज चरित्र' पुस्तक से साभार)
20/10/2026
"गीता वर्णित क्षात्रधर्म सत्वगुण द्वारा उद्दीप्त तेजोमय रजोवृत्ति है, जिससे व्यष्टि और समष्टि दोनों का इहलोक व परलोक दोनों में कल्याण निहित है।"
पूज्य श्री तनसिंह जी ('गीता और समाज सेवा' पुस्तक से साभार)
19/10/2026
"साधना में किसी दोष की उत्पत्ति विस्फोटक ढंग से नहीं होती क्योंकि शिक्षक का कार्य क्षेत्र क्रांति का नहीं, विकास का मार्ग है, अतः उसमें पैदा होने वाली कठिनाई और विकार का एक लम्बा इतिहास होता है।"
पूज्य श्री तनसिंह जी ('शिक्षक की समस्याएँ' पुस्तक से साभार)
18/10/2026
"कुटुम्ब से हम प्रेरणा लेते हैं और उसका अनुसरण करते हैं पर यह आवश्यक नहीं, कि कुटुम्ब भी हमारा अनुसरण करे और हमसे प्रेरणा ले। हमारी राय का मूल्य है पर मानली जाय, यह दुराग्रह है।"
पूज्य श्री तनसिंह जी की 'डायरी' से साभार
Alerts
Be the first to know and let us send you an email when karni singh bhelu posts news and promotions. Your email address will not be used for any other purpose, and you can unsubscribe at any time.
Subscribe
We will notify you when anything happens in Kolayat.