HIM BUZZ News Network
सच की आवाज़ • जनता की ताकत
📍 हिमाचल से हर बड़ी खबर
🎥 ब्रेकिंग न्यूज़ | ग्राउंड रिपोर्ट | एक्सक्लूसिव
🏛 राजनीति | प्रशासन | शिक्षा | रोजगार |
08/10/2026
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा 9 अक्तूबर को बिलासपुर में लेंगे NHAI और railway की समीक्षा बैठक
बिलासपुर, 8 अक्तूबर।
प्रदेश में नेशनल हाईवे (फोरलेन) से संबंधित चल रहे विभिन्न कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा 9 अक्तूबर को बिलासपुर में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। बैठक में मंडी लोकसभा क्षेत्र की सांसद कंगना रणौत भी भाग लेंगी। बिलासपुर में होने वाली इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रदेश में चल रहे फोरलेन एवं राष्ट्रीय राजमार्गों से संबंधित कार्यों की प्रगति, निर्माण कार्यों तथा विभिन्न परियोजनाओं से जुड़े विषयों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जेपी नड्डा 8 अक्तूबर को रात्रि 9 बजे अपने विजयपुर स्थित आवास पहुंचेंगे। 9 अक्तूबर को सुबह 11:30 बजे वह बचत भवन बिलासपुर में एनएचएआई के अधिकारियों के साथ राष्ट्रीय राजमार्गों से संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक करेंगे। इसके उपरांत दोपहर 1:30 बजे प्रेस वार्ता करेंगे। दोपहर 2:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक वह सर्किट हाउस बिलासपुर में रुकेंगे तथा शाम 4:30 बजे शास्त्री नगर, कुल्लू के लिए रवाना होंगे।
10 अक्तूबर को केंद्रीय मंत्री कुल्लू में निर्धारित कार्यक्रम में भाग लेंगे, जबकि 11 अक्तूबर को शास्त्री नगर, कुल्लू में स्थानीय कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। इसके बाद दोपहर पौने दो बजे वह सर्किट हाउस मनाली के लिए रवाना होंगे और रात्रि ठहराव मनाली में रहेगा। 12 अक्तूबर को सुबह 10 बजे वह आईसीएमआर सेंटर, केलांग, लाहौल-स्पीति जाएंगे।
बिलासपुर में होने वाली एनएचएआई की समीक्षा बैठक को प्रदेश में फोरलेन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के कार्यों की गति और प्रगति की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
08/10/2026
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अटल टनल का दौरा किया
राष्ट्रपति और राज्यपाल ने हिडिंबा मंदिर में पूजा-अर्चना की
राज्यपाल ने अटल टनल को विश्वस्तरीय इंजीनियरिंग का अद्भुत प्रतीक बताया
हिमाचल प्रदेश के तीन दिवसीय दौरे के दूसरे दिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज समुद्र तल से 10,000 फीट से अधिक की ऊंचाई पर स्थित 9.02 किलोमीटर लंबी अटल टनल का दौरा किया। राष्ट्रपति के साथ राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता और लेडी गवर्नर बिंदु गुप्ता भी मौजूद रहीं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अटल टनल की इंजीनियरिंग विशेषताओं और निर्माण कार्य में गहरी रुचि दिखाई तथा अधिकारियों से इसके तकनीकी पहलुओं की जानकारी ली। उन्होंने आसपास के हिमालयी क्षेत्र के मनोरम प्राकृतिक सौंदर्य को भी निहारा।
इस अवसर पर राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने अटल टनल को विश्वस्तरीय इंजीनियरिंग उत्कृष्टता का उदाहरण बताते हुए कहा कि इसने लाहौल-स्पीति को देश के बाकी हिस्सों के और अधिक करीब ला दिया है। उन्होंने कहा कि यह टनल भारत के विजन, तकनीकी क्षमता और दूरदराज व दुर्गम भौगोलिक क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को देश के अन्य हिस्सों से जोड़ने की अटूट प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
राज्यपाल ने कहा कि अटल टनल आधुनिक बुनियादी ढांचे और सामरिक विकास की शक्ति का प्रतीक है तथा चुनौतीपूर्ण भौगोलिक परिस्थितियों में बड़ी अधोसंरचना परियोजनाओं को पूरा करने की देश की क्षमता का प्रेरणादायक उदाहरण है। उन्होंने कहा कि ऐसी परियोजनाएं न केवल संपर्क सुविधा को बेहतर बनाती हैं, बल्कि दूरदराज क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए विकास और नए अवसर भी उपलब्ध करवाती हैं।
टनल के उत्तरी पोर्टल पर स्थानीय लोगों ने राष्ट्रपति का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। इस अवसर पर तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने राष्ट्रपति को स्मृति चिन्ह भेंट किया।
राष्ट्रपति के दौरे के दौरान सांसद कंगना रनौत, लाहौल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा, उपायुक्त किरण भड़ाना, जिला प्रशासन तथा सेना के अधिकारियों ने भी राष्ट्रपति का स्वागत किया।
इसके उपरांत, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने मनाली के ढुंगरी स्थित सुप्रसिद्ध हिडिंबा मंदिर के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की। उन्होंने देशवासियों की शांति, सुख-समृद्धि एवं कल्याण के लिए प्रार्थना की।
राज्यपाल ने मनाली स्थित वन विश्राम गृह का भी दौरा किया। उन्होंने यहां दुर्लभ पौधे गिंग्को बिलोबा का पौधारोपण कर पर्यावरण तथा हिमालयी पारिस्थितिकी तंत्र के संरक्षण के महत्व का संदेश दिया।
राज्यपाल ने पौधरोपण के माध्यम से क्षेत्र की समृद्ध प्राकृतिक विरासत के संरक्षण और संवेदनशील पर्वतीय पर्यावरण में सतत विकास को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया।
*घुमारवीं में रोजगार मेले का आयोजन, 16 से अधिक कंपनियों ने 400 से अधिक युवाओं के लिए साक्षात्कार*
*मंत्री राजेश धर्माणी ने युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए लॉन्च किया मील ऐप*
घुमारवीं, 3 अक्तूबर: सीर उत्सव के अवसर पर घुमारवीं में श्रम एवं रोजगार विभाग तथा बीबीएनआई के सहयोग से रोजगार मेले का आयोजन किया गया। रोजगार मेले में 16 से अधिक कंपनियों ने भाग लिया और 400 से अधिक युवाओं ने विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों के समक्ष साक्षात्कार दिए। इनमें से लगभग 200 युवाओं का रोजगार के लिए चयन किया गया, जबकि अन्य अभ्यर्थियों को चयन प्रक्रिया के अगले चरण के लिए संबंधित कंपनियों के मुख्य कार्यालयों में साक्षात्कार हेतु बुलाया गया। रोजगार मेले में स्थानीय युवाओं के साथ आईटीआई घुमारवीं के अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों ने भी भाग लिया और रोजगार एवं इंटर्नशिप के अवसरों के लिए कंपनियों के प्रतिनिधियों के समक्ष साक्षात्कार दिए। इससे विद्यार्थियों को वास्तविक भर्ती प्रक्रिया का व्यावहारिक अनुभव भी प्राप्त हुआ।
इस अवसर पर तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने में उद्योगों की आवश्यकताओं और उपलब्ध मानव संसाधन के कौशल के बीच मौजूद स्किल गैप एक बड़ी चुनौती है। इसे दूर करने के लिए सरकार द्वारा युवाओं को उद्योगों की मांग के अनुरूप प्रशिक्षण देने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पर्यटन एवं आतिथ्य क्षेत्र तथा ईवी टेक्नोलॉजी जैसे उभरते क्षेत्रों में ग्रीन जॉब्स के लिए प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत शीघ्र शॉर्ट टर्म स्किल ट्रेनिंग कार्यक्रम शुरू किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त बजट में घोषित स्किल अकादमी को भी जल्द शुरू किया जाएगा, जिसके माध्यम से डिग्री और डिप्लोमा प्राप्त युवाओं को फिनिशिंग कोर्स के जरिए अपनी रोजगारपरक क्षमताओं को और बेहतर बनाने का अवसर मिलेगा।
राजेश धर्माणी ने कहा कि घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र में अत्याधुनिक स्किल डेवलपमेंट अकादमी स्थापित करने की बजट में घोषणा की गई है। इस अकादमी में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल मार्केटिंग, डेटा एनालिटिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी जैसे आधुनिक एवं मांग वाले क्षेत्रों में विशेष पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे। युवाओं को सैद्धांतिक ज्ञान के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण देने के साथ-साथ उन्हें रोजगार से जोड़ने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि युवाओं की रुचि, क्षमता और प्राथमिकताओं के अनुरूप करियर विकल्पों के प्रति जागरूक करना तथा आवश्यक प्रशिक्षण उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
राजेश धर्माणी ने कहा कि तकनीकी शिक्षा विभाग द्वारा आईटीआई विद्यार्थियों के लिए ‘रोजगार सेतु’ वेब पोर्टल भी शुरू किया गया है। आने वाले समय में इसका विस्तार करते हुए ग्रेजुएट, पॉलिटेक्निक डिप्लोमा धारक, फार्मेसी डिप्लोमा धारक सहित विभिन्न वर्गों के युवाओं को भी इससे जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि युवाओं को शिक्षा एवं प्रशिक्षण के बाद रोजगार के अवसरों से जोड़ने के लिए एक प्रभावी व्यवस्था उपलब्ध हो।
इस अवसर पर रोजगार मेले में भाग लेने वाली विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों को सम्मानित भी किया गया। रोजगार मेले में टीवीएस सप्लाई चेन सॉल्यूशंस, एसआईएस इंडिया, ऑरो टेक्सटाइल इंडिया, इंडिया फर्स्ट लाइफ इंश्योरेंस, श्रीराम फाइनेंस, ज्यूपिटर सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड, शिवम इंस्टीट्यूट फॉर वोकेशनल ट्रेनिंग घुमारवीं, रिलायंस जियो इन्फोकॉम लिमिटेड, एलआईसी ऑफ इंडिया, ल्यूमिनस पावर टेक्नोलॉजीज लिमिटेड, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, मेराक्वी वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड, अंबर इंश्योरेंस, हैवेल्स इंडिया, पार्क हॉस्पिटल पंचकूला, अल्फाइंडिया सहित अन्य कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
तकनीकी शिक्षा मंत्री ने कहा कि सीर उत्सव के अवसर पर आयोजित यह रोजगार मेला युवाओं को स्थानीय स्तर पर निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। भविष्य में भी ऐसे रोजगार मेलों का आयोजन किया जाएगा, ताकि घुमारवीं और आसपास के क्षेत्रों के युवाओं को सीधे रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाए जा सकें। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य युवाओं को केवल रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाना ही नहीं, बल्कि उन्हें आधुनिक कौशल से प्रशिक्षित कर उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप सक्षम और आत्मनिर्भर बनाना भी है।
बॉक्स
*युवाओं को उद्योगों से जोड़ने के लिए मंत्री राजेश धर्माणी ने लॉन्च किया मील ऐप*
बिलासपुर, 3 अक्तूबर: तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने आयोजित रोजगार मेले में युवाओं को उद्योगों से जोड़ने के उद्देश्य से मील’ ऐप लॉन्च किया। यह डिजिटल प्लेटफॉर्म युवाओं और उद्योगों के बीच प्रभावी सेतु के रूप में कार्य करेगा तथा विद्यार्थियों को उनकी योग्यता, कौशल और रुचि के अनुरूप रोजगार, इंटर्नशिप एवं अन्य करियर अवसर उपलब्ध करवाने में सहायता करेगा। ऐप पर विद्यार्थी निःशुल्क पंजीकरण कर अपनी शैक्षणिक योग्यता, तकनीकी एवं अन्य कौशल, अनुभव, रुचि और करियर संबंधी प्राथमिकताओं की जानकारी दर्ज कर सकेंगे। वहीं, बीबीएनआई एसोसिएशन से जुड़ी 600 से अधिक औद्योगिक इकाइयों की आवश्यकताओं का मिलान ऐप पर उपलब्ध विद्यार्थी डेटाबेस से किया जाएगा। किसी उद्योग को विशेष योग्यता या कौशल वाले उम्मीदवार की आवश्यकता होने पर उपयुक्त विद्यार्थियों की पहचान कर उन्हें संबंधित उद्योग से जोड़ा जाएगा।
03/10/2026
घुमारवीं भी में आज रोजगार मेला का आयोजन किया जा रहा है
01/10/2026
राष्ट्रपति दौरे की तैयारियों को लेकर बिलासपुर व रोपड़ प्रशासन ने आनंदपुर साहिब हेलीपैड का किया संयुक्त निरीक्षण
उपायुक्त ने अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं का लिया जायजा, संबंधित विभागों को समयबद्ध तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश
श्री नैना देवी जी (बिलासपुर) 30 सितंबर : आगामी 6 अक्तूबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के जिला बिलासपुर के प्रस्तावित दौरे के मद्देनजर बिलासपुर तथा रोपड़ जिला प्रशासन ने आज आनंदपुर साहिब हेलीपैड का संयुक्त दौरा कर सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार तथा पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान सहित संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने हेलीपैड परिसर का निरीक्षण करते हुए राष्ट्रपति दौरे से संबंधित विभिन्न तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
संयुक्त निरीक्षण के दौरान हेलीपैड स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, आवागमन, बैरिकेडिंग, संचार व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक प्रबंधों को लेकर अधिकारियों के साथ चर्चा की गई। दोनों जिलों के अधिकारियों ने आपसी समन्वय के साथ सभी व्यवस्थाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने पर बल दिया, ताकि राष्ट्रपति के दौरे के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इसके उपरांत बिलासपुर जिला प्रशासन एवं पुलिस की टीम ने टोबा से लेकर श्री नैना देवी जी मंदिर परिसर तक विभिन्न स्थानों का दौरा कर आवश्यक तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान सड़क मार्ग, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति तथा अन्य नागरिक सुविधाओं से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित विभागों को अपने-अपने दायित्वों के अनुरूप सभी आवश्यक कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इस बीच उपायुक्त ने अधिकारियों के साथ श्री नैना देवी जी मंदिर परिसर का भी निरीक्षण किया और राष्ट्रपति दौरे के दृष्टिगत मंदिर परिसर में किए जा रहे विभिन्न प्रबंधों की समीक्षा की। इस दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, प्रवेश एवं निकासी व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, स्वच्छता तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उपायुक्त राहुल कुमार ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाए रखते हुए सौंपे गए कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने तथा तैयारियों में किसी भी प्रकार की कमी न रहने देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के दौरे को लेकर सभी व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से सुनिश्चित किया जा रहा है तथा प्रशासन द्वारा तैयारियों की नियमित समीक्षा की जा रही है।
-000- DC Bilaspurराष्ट्रपति दौरे की तैयारियों को लेकर बिलासपुर व रोपड़ प्रशासन ने आनंदपुर साहिब हेलीपैड का किया संयुक्त निरीक्षण
उपायुक्त ने अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं का लिया जायजा, संबंधित विभागों को समयबद्ध तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश
श्री नैना देवी जी (बिलासपुर) 30 सितंबर : आगामी 6 अक्तूबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के जिला बिलासपुर के प्रस्तावित दौरे के मद्देनजर बिलासपुर तथा रोपड़ जिला प्रशासन ने आज आनंदपुर साहिब हेलीपैड का संयुक्त दौरा कर सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार तथा पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान सहित संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने हेलीपैड परिसर का निरीक्षण करते हुए राष्ट्रपति दौरे से संबंधित विभिन्न तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
संयुक्त निरीक्षण के दौरान हेलीपैड स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, आवागमन, बैरिकेडिंग, संचार व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक प्रबंधों को लेकर अधिकारियों के साथ चर्चा की गई। दोनों जिलों के अधिकारियों ने आपसी समन्वय के साथ सभी व्यवस्थाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने पर बल दिया, ताकि राष्ट्रपति के दौरे के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इसके उपरांत बिलासपुर जिला प्रशासन एवं पुलिस की टीम ने टोबा से लेकर श्री नैना देवी जी मंदिर परिसर तक विभिन्न स्थानों का दौरा कर आवश्यक तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान सड़क मार्ग, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति तथा अन्य नागरिक सुविधाओं से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित विभागों को अपने-अपने दायित्वों के अनुरूप सभी आवश्यक कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इस बीच उपायुक्त ने अधिकारियों के साथ श्री नैना देवी जी मंदिर परिसर का भी निरीक्षण किया और राष्ट्रपति दौरे के दृष्टिगत मंदिर परिसर में किए जा रहे विभिन्न प्रबंधों की समीक्षा की। इस दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, प्रवेश एवं निकासी व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, स्वच्छता तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उपायुक्त राहुल कुमार ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाए रखते हुए सौंपे गए कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने तथा तैयारियों में किसी भी प्रकार की कमी न रहने देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के दौरे को लेकर सभी व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से सुनिश्चित किया जा रहा है तथा प्रशासन द्वारा तैयारियों की नियमित समीक्षा की जा रही है।
27/09/2026
घुमारवीं की लोक कलाकार फूलां चंदेल का निधन
घट नृत्य’ से देश-विदेश में बनाई अलग पहचान
बिलासपुर। घुमारवीं की प्रसिद्ध लोक कलाकार एवं शिक्षिका फूलां चंदेल के निधन से हिमाचली लोक कला जगत में शोक की लहर है। महज 11 वर्ष की उम्र से लोक नृत्य की शुरुआत करने वाली फूलां चंदेल ने अपने अनूठे ‘चमत्कारी घट नृत्य’ के माध्यम से हिमाचली संस्कृति को देश-विदेश तक पहुंचाया।
लोक कला के क्षेत्र में उनके योगदान को कई पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। शिक्षिका के रूप में सेवाएं देने के साथ वह सांस्कृतिक गतिविधियों और जनजागरूकता कार्यक्रमों में भी सक्रिय रहीं।
फूलां चंदेल का निधन हिमाचली लोक संस्कृति के लिए अपूरणीय क्षति है। उनकी कला और योगदान हमेशा याद किए जाएंगे।
🙏 विनम्र श्रद्धांजलि।
27/09/2026
🚨 BREAKING NEWS | बैंक हड़ताल टली
28 से 30 सितंबर 2026 तक प्रस्तावित तीन दिवसीय बैंक हड़ताल टाल दी गई है। इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बीच हुई बैठक के बाद हड़ताल स्थगित करने पर सहमति बनी है।
बैंकिंग क्षेत्र की विभिन्न मांगों, जिसमें पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह की मांग भी शामिल है, पर आगे चर्चा जारी रहेगी।
HIM BUZZ NEWS NETWORK
ताजा खबरों के लिए जुड़े रहें।
26/09/2026
Him Buzz News Network
अक्तूबर में क्लास-III पेंशनरों को मिलेगा 30 प्रतिशत एरियर, एरियर की देनदारी होगी शून्य
क्लास-I व II पेंशनरों को अतिरिक्त 15 प्रतिशत पेंशन एरियर का भुगतान
शिमला, 26 सितंबर 2026। प्रदेश सरकार ने पेंशनरों को बकाया पेंशन एरियर के भुगतान को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि 1 जनवरी, 2016 से 31 जनवरी, 2022 के बीच सेवानिवृत्त हुए क्लास-III पेंशनरों को अक्तूबर माह में 30 प्रतिशत बकाया पेंशन एरियर का भुगतान किया जाएगा। इस भुगतान के साथ इन पेंशनरों के एरियर की देनदारी शून्य हो जाएगी।
प्रवक्ता ने बताया कि इसी अवधि में सेवानिवृत्त हुए क्लास-I और क्लास-II पेंशनरों को उनके पेंशन एरियर का अतिरिक्त 15 प्रतिशत भी अक्तूबर माह में प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अंतरिम राहत और महंगाई राहत की पूर्व में भुगतान की जा चुकी किस्तों को सकल पेंशन/पारिवारिक पेंशन के बकाया भुगतान में समायोजित किया जाएगा।
सरकार ने सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों सहित सभी पेंशन वितरण प्राधिकरणों को निर्देश दिए हैं कि सितंबर 2026 की पेंशन/पारिवारिक पेंशन, जिसका भुगतान अक्तूबर 2026 में किया जाना है, के साथ पात्र बकाया राशि का भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
प्रवक्ता ने कहा कि राज्य सरकार ने सभी संबंधित अधिकारियों को पात्र पेंशनरों एवं पारिवारिक पेंशनरों को बकाया राशि का समयबद्ध और उचित भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार समय-समय पर कर्मचारियों और पेंशनरों को विभिन्न वित्तीय लाभ प्रदान करती रही है। पेंशनरों ने प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और हिमाचल प्रदेश की प्रगति में उनका बहुमूल्य योगदान रहा है।
Him Buzz News Network
Category
Website
Address
The Mall
Shimla
171001
Alerts
Be the first to know and let us send you an email when HIM BUZZ News Network posts news and promotions. Your email address will not be used for any other purpose, and you can unsubscribe at any time.
